अंबिकापुर:  सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को झारखंड के रांची से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पीड़िता के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा और उससे करीब 2 लाख रुपये भी हड़प लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने सितंबर 2025 में थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अजय कुमार कंवर, निवासी पुछेली बम्हनीडीह जिला जांजगीर-चांपा, ने खुद को अविवाहित बताकर उसके साथ संबंध बनाए। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता भी है।आरोप है कि आरोपी नवंबर 2024 से सितंबर 2025 तक पीड़िता के किराये के मकान में रहकर शादी का झांसा देता रहा और लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान उसने खुद को नौकरी से सस्पेंड होना बताकर पीड़िता की जमा पूंजी करीब 2 लाख रुपये भी एटीएम के माध्यम से निकलवा लिए। जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया।मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान, मेडिकल परीक्षण तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। आरोपी फरार था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी। करीब 8 महीने बाद साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी के रांची में छिपे होने की जानकारी मिली।इसके बाद गांधीनगर पुलिस की टीम तत्काल रांची रवाना हुई और कड़ी मेहनत के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर अंबिकापुर लाई। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक धनंजय पाठक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!