

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार रात करीब 9:30 बजे ग्राम जजगा स्थित रमपुरहीन माता मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार सहित गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम महुआटिकरा दरिमा निवासी रामकुमार सिंह (65 वर्ष) अपने भतीजे जयसिंह के साथ रिश्तेदारी में आयोजित प्रीतिभोज में शामिल होकर बाइक क्रमांक CG 15 CQ 8979 से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट कार क्रमांक CG 11 BT 7498 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े रहे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने कार चालक के खिलाफ लखनपुर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
हाईवे पर बढ़ते हादसों से उठ रहे सवाल
अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग लगातार हादसों के कारण चर्चा में बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर न तो पर्याप्त गति नियंत्रक संकेतक हैं और न ही सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। कई स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और दिशा संकेतों का अभाव भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहा है।
हेलमेट नहीं पहनना भी बन रहा मौत का कारण
क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाइक सवार बिना हेलमेट सफर करते नजर आते हैं। यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं में मौत का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर हाईवे पर लगातार हो रही मौतों के लिए जिम्मेदार कौन है लापरवाह वाहन चालक, नियमों की अनदेखी करने वाले लोग या फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था में कमी?





















