मध्य प्रदेश : इंदौर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेम संबंध ने तीन लोगों की जिंदगी खत्म कर दी। मेघदूत नगर इलाके में पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की, फिर खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। वहीं पत्नी के कथित प्रेमी ने भी बाद में जहर खाकर जान दे दी। इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

चरित्र पर शक बना मौत की वजह

जानकारी के मुताबिक मेघदूत नगर निवासी हल्केवीर पटेल को अपनी पत्नी रोशनी पटेल के चरित्र पर शक था। उसे संदेह था कि पत्नी का किसी अन्य युवक से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार को भी दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद मामला खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि गुस्से में हल्केवीर ने पत्नी को जबरन जहर पिला दिया। जब पत्नी ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पत्नी की हत्या के बाद हल्केवीर ने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

सुसाइड नोट में प्रेमी को ठहराया जिम्मेदार

मौत से पहले हल्केवीर ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा। नोट में उसने लिखा कि वह और उसकी पत्नी जहर खाकर आत्महत्या कर रहे हैं। साथ ही उसने पत्नी के कथित प्रेमी सतीश सावले को दोनों की मौत का जिम्मेदार बताया। नोट में यह भी लिखा गया कि सतीश और उसकी पत्नी के बीच संबंध थे, जिसकी वजह से परिवार बर्बाद हो गया।

पहले हुई मारपीट, फिर पहुंचा मामला पुलिस तक

पुलिस जांच में सामने आया है कि हल्केवीर ने पहले सतीश सावले को फोन कर पत्नी से दूरी बनाने को कहा था। लेकिन सतीश ने बात मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद हल्केवीर अपने साले के साथ सतीश को समझाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि सतीश और उसके साथियों ने हल्केवीर और उसके साले के साथ मारपीट की। इसके बाद सतीश ने खुद ही पुलिस में हल्केवीर के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। इसी बात को लेकर हल्केवीर लगातार तनाव में था और पत्नी से भी झगड़ा करता था।

प्रेमी ने भी खाया जहर

रविवार सुबह पति-पत्नी की मौत की खबर सामने आने के बाद पुलिस सतीश सावले की तलाश कर रही थी। इसी दौरान प्रेमिका की मौत और पुलिस दबाव से परेशान सतीश ने भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि करीब डेढ़ साल पहले पीथमपुर इलाके में रहने के दौरान सतीश और रोशनी की पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी।

बेटी को लेकर सुसाइड नोट में लिखी भावुक बात

हल्केवीर ने अपने सुसाइड नोट में अपनी बेटी का जिक्र भी किया है। उसने लिखा कि बेटी की जिम्मेदारी उसकी साली को दी जाए और बालिग होने के बाद उसकी संपत्ति बेटी के नाम कर दी जाए। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!