रायपुर: कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के कड़े निर्देशानुसार दंतेवाड़ा जिले में खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खनिज जांच दल ने भैरमबंद, बालूद और बालपेट क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
मौके पर जप्ती और कानूनी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए कुल 3 वाहन एवं मशीनें रंगे हाथों पकड़ी गईं। जांच दल ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर निम्नलिखित वाहनों को जप्त किया और उन्हें सुरक्षा के लिए कलेक्टर कार्यालय परिसर, दंतेवाड़ा में सुपुर्द किया।
हाईवा (क्रमांक सीजी 17 के डब्ल्यू 7009) चालक बिरेन्द्र कुमार जायसवाल निवासी भोगाम, दंतेवाड़ा को अवैध रेत परिवहन करते पाया गया। इसी प्रकार हाईवा (क्रमांक सीजी 17 के डब्ल्यू  6009) चालक रामेश्वर पोयाम निवासी ऐरला, जिला कोंडागांव के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जेसीबी  मशीन के चालक रामकेश निवासी रामचंद्रपुर, जिला बलरामपुर को अवैध उत्खनन में लिप्त पाया गया। इन सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत जप्ती की गई है, तथा धारा 21(5) के अंतर्गत आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिना वैध पास के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध
 

प्रशासन ने पहले भी खनिज ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को सख्त हिदायत दी थी कि बिना वैध अभिवहन पास के किसी भी प्रकार के खनिज का परिवहन न किया जाए। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने अब जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर और कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री ध्रुव के मार्गदर्शन में जिले के भीतर अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए खनिज विभाग का यह विशेष निगरानी और जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!