बलरामपुर। बलरामपुर जिले के  थाना राजपुर पुलिस ने घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान एवं नकदी बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया किरन देवी पति अमेन्द्र चंद्रवंशी, निवासी वार्ड क्रमांक 03 राजपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर थाली, लोटा, मिक्सर मशीन, चावल, मोबाइल फोन एवं कपड़ों सहित करीब 20 हजार 100 रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया गया है। शिकायत पर थाना राजपुर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रंजीत पाण्डेय द्वारा चोरी का सामान शोभा गिरी को बेचा गया है। पुलिस ने रंजीत पाण्डेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने 19 मई 2026 की रात करीब 11 बजे प्रार्थिया के घर के पीछे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद सामान को साप्ताहिक बाजार स्थित झोपड़ी में छिपाकर रखा गया था।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दूसरे दिन चोरी की गई 10 नग साड़ी, 4 थाली, एक मिक्सर सहित अन्य सामान एक अज्ञात व्यक्ति को 5 हजार रुपये में बेच दिया था। वहीं शोभा गिरी निवासी रामनगर थाना कुसमी को एक लोटा, तीन कटोरी और करीब 17 किलो चावल 1200 रुपये में बेचा गया था।पुलिस ने आरोपी रंजीत पाण्डेय के कब्जे से चोरी की रकम में से 2120 रुपये नगद तथा एक मोबाइल बरामद किया है। वहीं शोभा गिरी से चोरी का लोटा, कटोरी और चावल जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 22 मई 2026 को गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना देने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!