

मध्यप्रदेश : भिंड जिले में स्थित दंदरौआ धाम इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। दुनिया के इस अनोखे हनुमान मंदिर को वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया द्वारा विशेष सम्मान दिया गया है। यह मंदिर इसलिए खास माना जाता है क्योंकि यहां हनुमान जी डॉक्टर और सखी स्वरूप में विराजमान हैं।देशभर से श्रद्धालु यहां अपनी बीमारियों और परेशानियों से मुक्ति की आस लेकर पहुंचते हैं। लोगों की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से प्रार्थना करने पर रोग और कष्ट दूर हो जाते हैं।
‘जहां श्रद्धा बनती है औषधि’, वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया ने दिया सम्मान
वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया ने इस मंदिर को सम्मानित करते हुए कहा कि यह ऐसा स्थान है जहां श्रद्धा ही औषधि का रूप ले लेती है और विश्वास लोगों को आरोग्य प्रदान करता है।संस्था ने अपने संदेश में उल्लेख किया कि भक्त यहां अपनी परेशानियां और बीमारियां कागज की पर्ची पर लिखकर भगवान के चरणों में अर्पित करते हैं और चमत्कारी लाभ मिलने की कामना करते हैं।
हर मंगलवार और शनिवार उमड़ती है लाखों श्रद्धालुओं की भीड़
दंदरौआ धाम में हर मंगलवार और शनिवार भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यहां आने वाले लोगों का विश्वास है कि पांच परिक्रमा लगाने और प्रसाद ग्रहण करने से कई प्रकार की शारीरिक और मानसिक परेशानियों में राहत मिलती है।यही वजह है कि यह मंदिर अब मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया की टीम पहुंची दंदरौआ धाम
सम्मान समारोह के दौरान वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया के अधिकारी दंदरौआ धाम पहुंचे और मंदिर की विशेष परंपराओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहे।मंदिर के महंत रामदास महाराज को सम्मानित किया गया और इस अनोखी धार्मिक परंपरा की सराहना की गई।
क्या है ‘डॉक्टर हनुमान’ मंदिर की अनोखी कहानी?
दंदरौआ धाम के पीछे एक बेहद रोचक और चमत्कारी कथा जुड़ी हुई है। मान्यता के अनुसार यहां शिवकुमार दास नाम के एक साधु रहते थे, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।बताया जाता है कि वे हनुमान जी के परम भक्त थे और रोज मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे। एक दिन उन्हें हनुमान जी ने डॉक्टर के रूप में दर्शन दिए और उनकी बीमारी ठीक हो गई।इसके बाद से यहां हनुमान जी को ‘डॉक्टर हनुमान’ के रूप में पूजा जाने लगा। धीरे-धीरे यह स्थान चमत्कारी धाम के रूप में प्रसिद्ध हो गया।
आस्था और विश्वास का बड़ा केंद्र बना दंदरौआ धाम
आज दंदरौआ धाम लाखों लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है। यहां देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।मंदिर की बढ़ती लोकप्रियता और लोगों की गहरी श्रद्धा को देखते हुए इसे अब देश के सबसे अनोखे हनुमान मंदिरों में गिना जाने लगा है।





















