

अंबिकापुर: मंजूषा भगत ने शहर से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे की जर्जर सड़कों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जताई है। बरसात से पहले सड़क मरम्मत नहीं होने पर महापौर ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर पैच रिपेयरिंग और जरूरी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो स्थिति “ठीक नहीं होगी”।
महापौर ने कहा कि अंबिकापुर शहर की सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़कें और धूल से आम जनता परेशान है, लेकिन NH विभाग के अधिकारी ध्यान देने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी इतने “ढीठ” हो चुके हैं कि सांसद और कैबिनेट मंत्री तक की बात नहीं सुन रहे।
उन्होंने कहा, “मैं सत्ता पक्ष की महिला महापौर हूं, जरूरत पड़ी तो अपना रौद्र रूप दिखाऊंगी। जनता ने मुझे वोट दिया है, टैक्स देती है, इसलिए जनता को सवाल पूछने और बेहतर सड़क मांगने का पूरा अधिकार है।”
महापौर ने यह भी खुलासा किया कि सांसद कई बार NH अधिकारियों से सड़क मरम्मत को लेकर बात कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वे खुद NH के कार्यपालन अभियंता (EE) से परेशान हो चुकी हैं।सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर महापौर ने राजनीतिक व्यवस्था पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब बड़े नेताओं या मंत्रियों का दौरा होता है, तब रातों-रात सड़कें चमका दी जाती हैं, लेकिन आम दिनों में जनता को बदहाल सड़कें ही नसीब होती हैं। उन्होंने कहा, “कोई भी सरकार आती है, यही करती है।”
बरसात नजदीक होने के कारण शहरवासियों की चिंता और बढ़ गई है। यदि समय रहते सड़क मरम्मत नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में लोगों को और ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। महापौर के इस सख्त बयान के बाद अब सबकी नजर NH विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।





















