लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पहला हादसा लखीमपुर खीरी जिले में हुआ, जहां मैजिक वैन और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में 10 लोगों की जान चली गई। वहीं दूसरा हादसा बहराइच जिले में सामने आया, जहां कार और कंबाइन हार्वेस्टर की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई।

लखीमपुर खीरी में मैजिक-ट्रक की भिड़ंत, 10 की मौत

जानकारी के मुताबिक लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे-730 पर उन्चगांव और भरेहता गांव के बीच एक मैजिक वैन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

धौरहरा के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मैजिक वैन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

बहराइच में कार से टकराया कंबाइन हार्वेस्टर

दूसरा हादसा बहराइच जिले में हुआ। पुलिस के अनुसार नानपारा से बहराइच की ओर जा रही तेज रफ्तार कार सड़क किनारे से आ रहे कंबाइन हार्वेस्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बहराइच के एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक बहराइच जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।दोनों हादसों के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!