

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिंगो स्थित पायल होटल के सामने रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना सुबह लगभग 7:15 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सरगड़ी निवासी 55 वर्षीय दिनेश कोड़ाकू अपने रिश्तेदार के साथ मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत संचालित दुर्गा बस क्रमांक CG15EE-9908 से यात्रा कर रहे थे।
बस ग्राम झींगों के पायल होटल के पास रुकी, जहां मृतक बस से उतर रहे थे। इसी दौरान उनका एक पैर जमीन पर और दूसरा पैर बस के पायदान पर था। आरोप है कि चालक ने लापरवाहीपूर्वक बस को आगे बढ़ा दिया, जिससे दिनेश कोड़ाकू गिर पड़े और बस का चक्का उनके शरीर पर चढ़ गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा की कार्रवाई शुरू की गई। वहीं घटना की सूचना एसडीएम राजपुर को भी भेज दी गई है।
पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।




















