

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah आज दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे रात 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद नवा रायपुर स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।18 मई को सुबह 10:30 बजे गृह मंत्री अमित शाह राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में डायल-112 सेवा के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:20 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां बस्तर संभाग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
जगदलपुर प्रवास के दौरान अमित शाह नेटनार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। वहीं शाम को पुलिस विभाग द्वारा आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। गृह मंत्री का रात्रि विश्राम जगदलपुर में प्रस्तावित है।
19 मई को सुबह 11 बजे जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। बैठक में सुरक्षा, विकास और अंतरराज्यीय समन्वय समेत विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
नक्सलवाद के खिलाफ लगातार अभियान के बाद अमित शाह का यह पहला बस्तर दौरा माना जा रहा है। बैठक समाप्त होने के बाद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है। इसके पश्चात गृह मंत्री दोपहर करीब 3:40 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।





















