नारायणपुर: पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में “माड़ मैत्री चौपाल” कार्यक्रम का आयोजन कर पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद स्थापित किया गया। कार्यक्रम के तहत थाना एडका के ग्राम तेरदुल, थाना भरंडा के ग्राम बिंजली, थाना सोनपुर के ग्राम सोनपुर एवं थाना ओरछा के ग्राम कुड़मेल में चौपाल आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष, युवा, जनप्रतिनिधि, सरपंच और सामाजिक-धार्मिक प्रमुख शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नए कानूनों, उनके अधिकारों और कानूनी जागरूकता की जानकारी दी गई। साथ ही नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री कार्यक्रम” के उद्देश्यों और इसके थीम वाक्य “विग्रह से विश्वास” के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को शिक्षा, खेल, रोजगार, स्वास्थ्य और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन की अपील की।

चौपाल में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान कुछ युवाओं को “माड़ मित्र” के रूप में नामित कर उन्हें गांव और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने, असामाजिक गतिविधियों की सूचना देने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है तथा किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए सकारात्मक सहयोग का भरोसा जताया।

नारायणपुर पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और आपसी विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से “माड़ मैत्री चौपाल” कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!