

बालोद/डौंडी: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेमी-प्रेमिका ने पैसेंजर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसा डौंडी थाना क्षेत्र के दल्लीराजहरा-अंतागढ़ रेल मार्ग स्थित सलहाईटोला स्टॉपेज के पास बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम कुम्हालोरी निवासी जितेश्वर हल्बा (23) और ग्राम साल्हे की रहने वाली लिलिशा उइके (17) के रूप में हुई है। युवती 10वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। मंगलवार शाम से लिलिशा लापता थी, जिसकी शिकायत परिजन डौंडी थाने में दर्ज कराने पहुंचे थे।इसी दौरान जानकारी मिली कि पैसेंजर ट्रेन क्रमांक 78823 के सामने दोनों ने पटरी पर लेटकर आत्महत्या कर ली। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर और एक हाथ धड़ से अलग हो गया, वहीं युवती का शव पास में मिला।घटना की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने आरपीएफ को सूचित किया, जिसके बाद आरपीएफ और डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर सीजी 07 लू 9886 नंबर की बाइक भी बरामद हुई है, जो युवक की बताई जा रही है।
डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





















