

नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में जारी मतगणना ने राजनीति की तस्वीर को तेजी से बदलना शुरू कर दिया है। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में रुझान लगातार आ रहे हैं, जिनमें कई बड़े राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहे हैं।
तमिलनाडु में सबसे बड़ा धमाका, विजय की पार्टी TVK बनी नंबर वन
तमिलनाडु में इस बार का चुनाव पूरी तरह चौंकाने वाला साबित हो रहा है। अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने महज दो साल में बड़ा राजनीतिक प्रभाव दिखाते हुए 234 में से 108 सीटों पर बढ़त बना ली है। सत्ताधारी DMK सिर्फ 41 सीटों पर सिमटती दिख रही है, जबकि AIADMK 63 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है।
बंगाल में BJP की मजबूत बढ़त, TMC को कड़ी चुनौती
पश्चिम बंगाल में 293 सीटों पर गिनती जारी है, जबकि फलता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी 192 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 92 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी आगे हैं, जबकि सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं। झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम जैसी सीटों पर भी भाजपा बढ़त में है।
केरल में UDF की वापसी के संकेत, LDF पीछे
केरल में कुल 140 सीटों में से UDF 93 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि LDF 44 सीटों पर सिमटती दिख रही है। कांग्रेस नेतृत्व वाला गठबंधन इस बार सत्ता में वापसी करता नजर आ रहा है।
असम में फिर NDA का दबदबा, हिमंता सरकार की वापसी तय
असम में भारतीय जनता पार्टी 126 में से 95 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस 29 सीटों पर आगे है। इससे हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार की वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
पुडुचेरी में BJP गठबंधन आगे, कांग्रेस पिछड़ी
पुडुचेरी में कुल 30 सीटों में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस गठबंधन 6 सीटों तक सीमित नजर आ रहा है।
शाम को जश्न में शामिल होंगे PM मोदी, कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
इन रुझानों के बीच नरेंद्र मोदी शाम करीब 7 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संभावित जीत का जश्न मनाएंगे।
देश की राजनीति में बड़ा बदलाव तय, अंतिम नतीजों पर टिकी निगाहें
रुझानों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि इस बार चुनाव कई राज्यों में सत्ता परिवर्तन और नए समीकरणों की कहानी लिख सकते हैं। अब सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है, जो आने वाले समय की राजनीति की दिशा तय करेंगे।

































