

नारायणपुर: नारायणपुर में पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल 2026 को एक प्रार्थी ने थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल की रात वह घर से बाहर गया हुआ था। लौटने पर घर का दरवाजा टूटा मिला और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा मिला, जिसमें रखे करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर गायब थे। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।इसी दौरान थाना क्षेत्र में एक्टिवा स्कूटी चोरी का एक और मामला सामने आया, जिस पर अपराध क्रमांक 46/2026 दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुड़रीपारा निवासी आनंद नेताम उर्फ ढेला (18 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लियाआरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 6,010 रुपये नगद, एक सोने का हार, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल और चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है और अन्य संभावित अपराधों की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में उनि राम नरेश गौतम, उनि राजकुमार राय, सहायक उपनिरीक्षक भारत राजपूत, प्रधान आरक्षक राकेश राजपूत, आरक्षक शंकर गोटा, हीरा मरकाम और साइबर सेल के आरक्षक संदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
































