अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने “ऑपरेशन तलाश” और “अभियान मुस्कान” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 30 दिनों के भीतर 114 गुमशुदा लोगों को खोज निकालकर उनके परिजनों को सौंप दिया। अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और लगातार संपर्क अभियान के जरिए महिलाओं, पुरुषों और नाबालिगों को सकुशल  बरामद किया।

पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर 1 अप्रैल से शुरू हुए इस विशेष अभियान को पूरे अप्रैल माह तक चलाया गया। राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को गुम इंसानों की तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे।अभियान के तहत 80 महिलाएं, 20 पुरुष और 14 नाबालिगों को खोजा गया, जिनमें 2 बालक और 12 बालिकाएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया। जिले में सबसे ज्यादा सफलता थाना गांधीनगर पुलिस टीम को मिली, जिसने सर्वाधिक गुमशुदाओं को दस्तयाब किया।थाना स्तर पर देखें तो कोतवाली पुलिस ने 12, गांधीनगर ने 25, लखनपुर ने 11, उदयपुर ने 10, दरिमा ने 13 और अन्य थाना क्षेत्रों में भी कई गुमशुदाओं को खोजकर परिवारों से मिलाया गया। वहीं मुस्कान अभियान के तहत 14 नाबालिगों को भी सुरक्षित बरामद किया गया।

सरगुजा पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान गुमशुदा लोगों के परिजनों से लगातार संपर्क किया गया और तकनीकी सहायता के जरिए लोकेशन ट्रेस कर लोगों को सुरक्षित बरामद किया गया। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि हर गुमशुदा व्यक्ति को जल्द से जल्द उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!