बलरामपुर/राजपुर। ग्राम पंचायत बुढ़ाबगीचा स्थित हाई स्कूल मैदान में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी समस्या को लेकर मां महामाया खेल समिति, राजपुर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत राजपुर को ज्ञापन सौंपकर मैदान में स्ट्रीट लाइट (हाई मास्क लाइट) लगाने और अहाता  निर्माण की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि यह मैदान क्षेत्र का एकमात्र महत्वपूर्ण खेल मैदान है, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होती हैं। शाम के समय महिलाएं और बच्चे भी यहां टहलने और खेलने के लिए आते हैं, लेकिन मैदान में स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण अंधेरा छा जाता है।समिति ने चिंता जताई है कि अंधेरे की वजह से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ रहा है और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। इससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।

समिति ने प्रशासन से मांग की है कि मैदान में जल्द से जल्द पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए और सुरक्षा के लिए अहाता निर्माण कराया जाए, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में खेलकूद और अन्य गतिविधियां कर सकें।इस ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला पंचायत, एसडीएम, थाना प्रभारी सहित जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है। साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर इस मांग का समर्थन किया है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मां महामाया खेल समिति के अध्यक्ष नितेश बंसल,ग्राम बूढ़ाबगीचा के पंच मुकेश दुबे(छोटू), कौशल चौबे,अमितेश सोनी, शशांक सोनी,प्रदीप मानकर,राकेश मरावी,मनोज कुमार,संतोष गुप्ता,शिवम सोनी,शुभम दुबे आदि उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!