

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज खेलारी ने विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। एक आदेश जारी कर कुल 14 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है।इनमें 5 निरीक्षक (टीआई), 2 उप-निरीक्षक (एसआई), 1 सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई), 2 प्रधान आरक्षक और 4 आरक्षक शामिल हैं। इस फेरबदल के तहत जिले के प्रमुख थानों और शाखाओं की जिम्मेदारी नए अधिकारियों को सौंपी गई है।

नई व्यवस्था के तहत गौरेला थाना प्रभारी की कमान शनिप रात्रे को सौंपी गई है। शैलेंद्र सिंह को मरवाही थाना प्रभारी बनाया गया है। जिले की यातायात व्यवस्था सुधारने का जिम्मा सिद्धार्थ शुक्ला को दिया गया है, जिन्हें यातायात प्रभारी नियुक्त किया गया है।अंजना केरकेट्टा को नवगठित अजाक थाना और महिला थाना प्रभारी का दोहरा दायित्व सौंपा गया है। जिले में पहली बार अजाक (अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण) थाने का गठन किया गया है, जिसे विशेष शिकायतों के निवारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।विभागीय कामकाज में पारदर्शिता और तकनीकी मजबूती लाने के लिए अजय वारे को शिकायत शाखा का प्रभारी बनाया गया है। मनोज हनौतिया को साइबर सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों से पुलिस प्रशासन ने अपराध नियंत्रण और तकनीकी जांच को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है।
एसपी मनोज खेलारी द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल से जिले के पुलिस तंत्र में नई ऊर्जा और प्रशासनिक सक्रियता आने की उम्मीद है।

































