

सूरजपुर: राज्य शासन एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिला सूरजपुर में ‘सही दवा - शुद्ध आहार‘ अभियान की शुरुआत कर दी गई है। जिला कलेक्टर के निर्देशन में यह अभियान 27 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 11 मई 2026 तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत राज्य में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानकयुक्त दवाओं एवं खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सघन जाँच एवं कार्यवाही की जा रही है।
कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 03 नमूने लिये गये:-
अभियान के प्रथम दिन 27 अप्रैल 2026 को सहायक संचालक (औषधि) राम ब्रिजेश प्रजापति, औषधि निरीक्षक अमरेश तिर्की, नमूना सहायक दीपा साहू एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सूरजपुर जिले के अनेक कॉस्मेटिक एवं मिनिहारी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गुणवत्ता परीक्षण हेतु 03 कॉस्मेटिक नमूने संकलित किये गये। प्रतिष्ठान संचालकों को नियमानुसार संचालन के कड़े निर्देश दिये गये।
थोक औषधि प्रतिष्ठानों की भी हुई जाँच:-
अभियान के द्वितीय दिन 28 अप्रैल 2026 को सूरजपुर जिले में 06 थोक औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की विस्तृत जाँच की गई। संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को सचेत किया गया कि नियमानुसार संचालन न करने पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह अभियान आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं मानक दवाएँ तथा खाद्य पदार्थ सुलभ कराने की दिशा में प्रशासन की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

































