बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना राजपुर क्षेत्र में चोरी के एक मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटर साइकिल, नगदी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जमापारा निवासी भगवान सिंह ने थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर में काम करने वाला रिश्तेदार भोला राम जनवरी 2026 से उनके यहां रहकर कार्य कर रहा था। 21 अप्रैल 2026 की रात परिवार के सोने के बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर से एक मोटर साइकिल (CG 30U 6989), नगद 70,000 और एक एंड्रॉइड मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब रात करीब 2:30 बजे उनका पुत्र जागा और घर का दरवाजा खुला पाया। जांच करने पर चोरी की घटना सामने आई। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग ₹80,000 आंकी गई।मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की और संदेह के आधार पर भोला राम (23 वर्ष) की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटर साइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 27 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

इस कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस टीम के सउनि अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव, आरक्षक सुखराम कुजूर और सैनिक खुशवंत गुप्ता की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!