

कबीरधाम: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि आरोपी की शादी 7 मई को तय थी और वह शादी की तैयारियों में व्यस्त था।
जानकारी के अनुसार, रवि चंद्रवंशी ग्राम परसवारा, थाना पांडातराई का निवासी है। वह अपनी शादी के लिए कार्ड बांटने सहित अन्य तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी दौरान उसकी गर्लफ्रेंड ने कवर्धा महिला थाना में उसके खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई।
शादी का झांसा देकर 10 साल तक शोषण का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रवि चंद्रवंशी ने वर्ष 2016 से शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए और उसका शोषण करता रहा। जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी विभिन्न कारणों का हवाला देकर उसे टालता रहा।
बारात से पहले पुलिस ने दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने विशेष टीम भेजकर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी उस समय हुई जब वह शादी की अंतिम तैयारियों में व्यस्त था।पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में पीड़िता के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
































