

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक नाराजगी के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की फावड़े से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने पिता पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महन्त ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका छोटा पुत्र आर्यन दास महन्त (20 वर्ष) लंबे समय से इस बात से नाराज था कि परिवार उसके भाई-बहनों को उससे अधिक महत्व देता है। इसी नाराजगी के चलते उसका व्यवहार परिवार के प्रति आक्रामक हो गया था।बताया जा रहा है कि 24 अप्रैल की रात परिवार दुकान में सोया हुआ था। 25 अप्रैल की सुबह आर्यन शौच से लौटकर आया और अपनी मां फुलबाई महन्त (55 वर्ष) को दुकान से बाहर खींचकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसने घर में रखे फावड़े से उनकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी फावड़ा लेकर अपने पिता को भी मारने दौड़ा, लेकिन गणपत दास महन्त वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही रैरूमाखुर्द पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि क्षणिक आवेश में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है और ऐसे मामलों में कानून सख्त कार्रवाई करता है। पुलिस आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

































