

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के थाना दरिमा क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पटवारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल को तहसील दरिमा अंतर्गत ग्राम कंठी में पदस्थ पटवारी अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू कार्यालय पहुंचा और आरआई सोहगा से बात कराने के लिए दबाव बनाने लगा। पटवारी द्वारा अपने मोबाइल से कॉल करने से मना करने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।आरोपी ने कुर्सी और हाथ-मुक्कों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपनी कार से लोहे का चापड़ लेकर आया और पटवारी व चौकीदार को दौड़ाकर डराने की कोशिश की, जिससे दोनों अपनी जान बचाकर मौके से भागे।घटना की शिकायत पर थाना दरिमा में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ और एक हेरियर कार (सीजी/15/EA/1158) जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस पूरी कार्रवाई में थाना दरिमा पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।

































