बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना रघुनाथनगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 210 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की और बैरियर तोड़कर फरार हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एमपी बॉर्डर स्थित तुंगवा चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे मध्यप्रदेश के बैढ़न की ओर से आ रही एक सफेद बोलेरो (क्रमांक CG 15 A 6984) पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में बैरियर की ओर बढ़ी। वाहन चालक ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को कुचलने की नीयत से गाड़ी चलाई, जिससे जवानों को अपनी जान बचाने के लिए कूदना पड़ा। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल भी हो गए।घटना के बाद तत्काल नाकाबंदी कर दी गई। दोपहर करीब 12 बजे रघुनाथनगर क्षेत्र के एक बंद पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में उक्त बोलेरो लावारिस हालत में मिली। वाहन चालक चाबी लेकर मौके से फरार हो चुका था।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 209.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 9 हजार 640 रुपए आंकी गई है, बरामद की गई। साथ ही करीब 4 लाख रुपए कीमत की बोलेरो वाहन भी जब्त की गई।इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और बैरियर तोड़ने के आरोप में अपराध क्रमांक 37/26 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं अवैध शराब परिवहन के मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 38/26 कायम किया गया है। फरार आरोपी और वाहन मालिक की तलाश जारी है।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धीरेंद्र तिवारी, उप निरीक्षक रघुनाथ सिंह मरावी, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण सिंह, प्रधान आरक्षक अफजल खान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!