रायगढ़: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से रायगढ़ लाए जा रहे 36 किलो 170 ग्राम गांजा के साथ आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने इस कार्रवाई में कार और मोबाइल समेत कुल 15 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद कार में उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने की तैयारी है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बंगुरसिया ढाबा के पास मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी की और संदिग्ध वाहन CG 13 AZ 4603 को रोककर जांच की। वाहन में सवार तीनों आरोपियों ने अपना नाम डोल नारायण साहू (27), नीलकमल साव (24) और आशीष कुमार सिंह (29) निवासी ग्राम गढ़उमरिया थाना जूटमिल बताया।

कार में छिपाकर कर रहे थे तस्करी

तलाशी के दौरान कार में रखी प्लास्टिक बोरियों से 36 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार (करीब 12 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत लगभग 15.60 लाख रुपये है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में सप्लाई करते थे और बिक्री से प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे। इस खुलासे से क्षेत्र में सक्रिय संगठित तस्करी नेटवर्क की पुष्टि हुई हैपुलिस ने थाना चक्रधरनगर में आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में उप निरीक्षक गेंद लाल साहू सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!