अंबिकापुर/सूरजपुर: जिले में नशीले कैप्सूल के बड़े मामले में फरार आरोपी ने आखिरकार अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। आबकारी विभाग ने उसे पुनः गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 अप्रैल 2026 को आबकारी उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने विश्रामपुर स्थित आईटीआई कॉलोनी के मकान नंबर 1030 में छापेमारी की। यहां आरोपी भोले घसिया के शयन कक्ष से कुल 295 नग नशीली दवाएं जब्त की गईं। जब्त सामग्री में 132 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल, 73 नग अल्प्रासेन टैबलेट और 90 नग अल्प्रैक्स (अल्प्राजोलम) टैबलेटशामिल हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के बाद आरोपी को सूरजपुर आबकारी नियंत्रण कक्ष लाया गया था, जहां से वह पानी पीने के बहाने सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। फरारी के बाद उसकी तलाश लगातार जारी थी।इसी बीच 15 अप्रैल 2026 को आरोपी भोले घसिया ने सूरजपुर के विशेष न्यायालय (नारकोटिक्स) में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद आबकारी टीम ने उसे पुनः गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया और जेल दाखिल कर दिया।आबकारी विभाग ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!