सक्ति/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने 9 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस समिति को पूरे घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है।

समिति का संयोजक पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व मंत्री नंदकुमार वर्मा सहित कई विधायक और संगठन के पदाधिकारी सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं। समिति में विधायक रामकुमार यादव (चंद्रपुर), अटल श्रीवास्तव (कोटा), बावनलाल साहू (बेमेतरा), राघवेंद्र सिंह (अकलतरा), व्यास कश्यप (जांजगीर-चांपा), शेषराज हरबंश (पामगढ़) और जिला कांग्रेस अध्यक्ष को भी शामिल किया गया है।

मौके पर पहुंचकर करेगी जांच

कांग्रेस ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह घटनास्थल पर जाकर पीड़ितों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करे। साथ ही प्लांट प्रबंधन से चर्चा कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जाए। समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

टीएस सिंहदेव ने उठाए सवाल

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। सिंहदेव ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्लांट में एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव चिंताजनक है, ऐसे में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।

14 मजदूरों की मौत, कई घायल

मंगलवार दोपहर हुए बॉयलर ब्लास्ट में अब तक 14 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों का इलाज रायगढ़, बिलासपुर और अन्य अस्पतालों में जारी है। घटना के बाद परिजनों ने प्लांट के बाहर हंगामा करते हुए प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की। कुछ मजदूरों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है।

मुआवजा और जांच के आदेश

हादसे के बाद जिला कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 15-15 लाख रुपए देने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!