

बिलासपुर। 14 अप्रैल 2026। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ी पहल की है। रेलवे ने एलटीटी और सांतरागाछी के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस सेवा से यात्रियों को कंफर्म बर्थ की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यात्रा अधिक आरामदायक और सुगम होगी।
किन तारीखों पर चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 01041 एलटीटी से सांतरागाछी स्पेशल ट्रेन 17 अप्रैल और 24 अप्रैल 2026 को एलटीटी से रवाना होगी। वहीं वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 01042 सांतरागाछी से एलटीटी स्पेशल ट्रेन 19 अप्रैल और 26 अप्रैल 2026 को संचालित की जाएगी।
रास्ते में प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा
इस स्पेशल ट्रेन को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। इसके अलावा यह ट्रेन अपने मार्ग में कई प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी, जिससे यात्रियों को चढ़ने और उतरने में सुविधा मिलेगी।
ट्रेन का पूरा समय सारिणी, सफर होगा पहले से प्लान करना आसान
गाड़ी संख्या 01041 एलटीटी से सांतरागाछी स्पेशल ट्रेन 17 और 24 अप्रैल को सुबह 11:50 बजे एलटीटी से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन गोंदिया 03:28 बजे पहुंचकर 03:30 बजे आगे बढ़ेगी। इसके बाद दुर्ग 05:30 बजे, रायपुर 06:10 बजे और बिलासपुर 08:05 बजे पहुंचकर 08:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन उसी दिन 20:30 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 01042 सांतरागाछी से एलटीटी स्पेशल ट्रेन 19 और 26 अप्रैल को सुबह 05:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बिलासपुर 16:05 बजे पहुंचकर 16:15 बजे आगे बढ़ेगी। इसके बाद रायपुर 18:10 बजे, दुर्ग 19:05 बजे, गोंदिया 21:38 बजे होते हुए अगले दिन 12:30 बजे एलटीटी पहुंचेगी।
22 कोच की सुविधा, यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 01 पावरकार, 01 एसएलआरडी, 04 सामान्य कोच, 09 स्लीपर कोच, 06 एसी थ्री और 01 एसी टू कोच शामिल हैं। इस व्यवस्था से यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव, यात्रा बनेगी आसान
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, मनमाड, भुसावल, अकोला, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे की अपील, यात्रा से पहले जानकारी जरूर जांचें
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पहले स्पेशल ट्रेन की समय सारिणी और ठहराव की पूरी जानकारी सुनिश्चित कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

































