

Viral Girl Monalisa Case: वायरल गर्ल मोनालिसा मामले में केरलम हाई कोर्ट ने उनके पति फरमान खान को बड़ी राहत दी है। अदालत ने 20 मई 2026 तक उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। इसके साथ ही कोर्ट ने अगली सुनवाई तक फरमान खान को अस्थायी सुरक्षा भी प्रदान की है।
इस फैसले के बाद मामले की कानूनी दिशा अब जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर निर्भर मानी जा रही है, जो आगे की सुनवाई में निर्णायक भूमिका निभाएंगी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए दायर की थी याचिका
जानकारी के अनुसार, महेश्वर थाना पुलिस ने 25 मार्च 2026 को फरमान खान के खिलाफ मोनालिसा के कथित अपहरण का मामला दर्ज किया था। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए फरमान ने केरलम हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी।
अदालत ने फिलहाल उन्हें राहत देते हुए अंतरिम संरक्षण दिया है।
फरमान का दावा, मोनालिसा के लापता होने की बात
फरमान खान ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया था कि मोनालिसा घर से भाग गई है। एक वीडियो में उन्होंने कहा था कि वह अजमेर में हैं और मोनालिसा को तलाश रहे हैं।
एक अन्य वीडियो में उन्होंने दावा किया कि अजमेर में कोई सुराग नहीं मिला और वह जोधपुर की ओर जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि अगर किसी को जानकारी मिले तो साझा करें।
हालांकि इन वीडियो को लेकर कई लोगों ने सवाल भी उठाए हैं और इसे विवादित बताया है।
डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने लगाए गंभीर आरोप
फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने फरमान खान को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा था कि वीडियो फर्जी हो सकते हैं और इस स्थिति का फायदा उठाकर फरमान नेपाल के रास्ते बांग्लादेश भागने की कोशिश कर सकता है।
उन्होंने फरमान को लेकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी।
उम्र को लेकर भी विवाद गहराया
मोनालिसा और फरमान खान की शादी मार्च में तिरुवनंतपुरम में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी, जिसके बाद से मामला लगातार चर्चा में है।
अनुसूचित जनजाति आयोग ने मोनालिसा की उम्र को लेकर सवाल उठाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार उनका जन्म 30 दिसंबर 2009 को दर्ज है, जबकि शादी के समय प्रस्तुत दस्तावेजों में जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 दिखाई गई थी।
































