छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस लगातार सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। इस अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यातायात नियम सिर्फ आम नागरिकों के लिए ही नहीं, बल्कि पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी समान रूप से उनका पालन करें।


हेलमेट न पहनने पर 24 पुलिसकर्मियों पर चालानी कार्रवाई

चेकिंग अभियान के दौरान यह सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग नहीं कर रहे थे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे 24 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा है।इस कार्रवाई के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को सख्त चेतावनी भी दी गई।


ITMS कैमरों से लगातार निगरानी

यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वालों पर ई-चालान जारी किए जा रहे हैं, ताकि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पुलिसकर्मियों को स्वयं नियमों का पालन करते हुए समाज के लिए उदाहरण पेश करना चाहिए।


रायपुर में देर रात चला बड़ा अभियान, 155 वाहन जब्त

इधर रायपुर में यातायात और थाना पुलिस ने देर रात संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे 155 चालकों को पकड़ा गया और उनके वाहन जब्त किए गए।पुलिस के अनुसार सभी वाहन चालक निर्धारित प्रक्रिया के तहत कोर्ट में जुर्माना जमा करने के बाद ही अपने वाहन वापस प्राप्त कर सकेंगे।


लाइसेंस सस्पेंड करने की तैयारी

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए हैं, उनके ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!