

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के जूना बिलासपुर स्थित कतियापारा इलाके में रविवार को एक घर में गैस सिलेंडर के पाइप फटने से भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय रसोई में मौजूद तीन महिलाएं आग की चपेट में आकर झुलस गईं, वहीं आग बुझाने के प्रयास में घर का मुखिया भी घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक निर्मलकर के घर में किचन में खाना बनाते समय अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। उस समय रसोई में मौजूद पूजा निर्मलकर, सरोजिनी निर्मलकर और ममता निर्मलकर आग की चपेट में आ गईं, जिससे उनके हाथ और चेहरे झुलस गए।
आग बुझाने के दौरान अशोक निर्मलकर भी झुलस गए और उनके चेहरे पर चोट आई है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। साथ ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची दमकल टीम ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया और सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिलेंडर का पाइप फटने और जलने के कारण गैस लीक हुई, जिससे आग भड़क गई।
इस हादसे में कुल चार लोग झुलसे हैं, हालांकि सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई और अस्पताल में भर्ती की आवश्यकता नहीं पड़ी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

































