

जशपुर: जशपुर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। तपकरा थाना क्षेत्र में जशपुर से रायगढ़ जा रही वासुदेव बस से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की गई है। इस मामले में बस के ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक यात्री बस में भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए तपकरा पुलिस ने थाने के सामने मेन रोड पर नाकाबंदी की। रात करीब 11:45 बजे संदिग्ध वासुदेव बस (CG-13-Q-1800) को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान बस की डिक्की में दो झोलों में रखे चार कार्टून में 100-100 मिलीलीटर की 480 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। कुल 48 लीटर कफ सिरप की बाजार कीमत लगभग 96,720 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया है।पूछताछ में आरोपियों ने शुरुआत में अनभिज्ञता जताई, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि कफ सिरप बिहार के गया से लाया गया था और रायगढ़ में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।गिरफ्तार आरोपियों में बसंत पटेल (33 वर्ष, कंडक्टर), सतीश कुमार चौहान (45 वर्ष, खलासी) और भोला राम (46 वर्ष, ड्राइवर) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बस को भी जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना तपकरा के सहायक उप निरीक्षक राम जी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

































