

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: थाना कुसमी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतासिल्ली में पारिवारिक विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया, जहां एक पुत्र ने गुस्से में आकर अपने ही पिता की जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कुसमी में दिनांक 07 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि ग्राम रतासिल्ली निवासी लल्लू खलखो की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। घटना 06 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक लल्लू खलखो को उसके पुत्र प्रदीप खलखो ने आपसी विवाद के चलते धक्का दे दिया था, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके हाथ, पैर एवं सीने में चोटें आईं। कुछ ही समय बाद उसकी मृत्यु हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई वैज्ञानिक अधिकारी एवं एफएसएल टीम की उपस्थिति में 08 अप्रैल को पूरी की और पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु की प्रकृति ‘होमिसाइडल’ (हत्या) पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर संदेही पुत्र प्रदीप खलखो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।आरोपी ने बताया कि उसने अपने खेत में टमाटर की फसल लगाई थी, जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी उसने अपने पिता को सौंपी थी। घटना के दिन उसके पिता ने शराब का सेवन कर फसल पर ध्यान नहीं दिया, जिससे पशुओं ने फसल को नुकसान पहुंचाया। इससे पहले भी चने की फसल के साथ इसी तरह की लापरवाही हो चुकी थी। इन बातों से नाराज होकर आरोपी ने गुस्से में आकर अपने पिता के साथ मारपीट कर दी।
आरोपी ने लात-घूंसों और डंडे से पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया और बेहोश होने पर उन्हें घर के अंदर सुला दिया, जहां कुछ समय बाद उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पारिवारिक विवाद के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।

































