बलरामपुर: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर शुक्रवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने यात्री बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग पर की गई। अभियान के दौरान कुल 23 यात्री बसों की जांच की गई, जिनमें से 12 बसों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान एक बस में परमिट शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अन्य 11 बसों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर विभिन्न धाराओं के तहत 4600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इस तरह कुल 9600 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

कार्रवाई के दौरान परिवहन अधिकारी यशवंत यादव और यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन ने बस चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जरूरी दस्तावेज साथ रखने, वर्दी धारण करने, वैध लाइसेंस रखने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सीट बेल्ट का उपयोग करने की समझाइश दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, निर्धारित किराया प्रणाली लागू कराना, बसों की समयबद्धता बनाए रखना और यात्रियों को होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है। साथ ही लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस कार्रवाई का अहम हिस्सा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!