अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी; आदिवासी जन जागरण विकास मंच, सामरी पाट के नेतृत्व में 7 अप्रैल 2026 को ग्राम सामरी (कुटकू) में सर्व समाज समन्वय समिति द्वारा प्रकृति पर्व सरहुल पूजा का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक 12 बैगाओं की उपस्थिति में विधि-विधान से संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न समाजों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

पूजन उपरांत आयोजित मंचीय कार्यक्रम का संचालन संगठन के संरक्षक भूलन भगत के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजकों द्वारा समस्त बैगाओं, समाज प्रमुखों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवी नारी शक्ति को गमछा एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे आयोजन में सामाजिक सम्मान और एकता का संदेश स्पष्ट रूप से झलका। दोपहर 2 बजे आयोजित दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि अमित तिवारी, त्रिपुरारी सिंह (हिंडाल्को कम्पनी), रमेश सरपंच, शर्मेन्द्र सरपंच, रामानंद यादव, विशिष्ट अतिथि संजय गुप्ता (बी.के.बी), उपेन्द्र सिंह (जीएनसी), अजय यादव एवं मो. अमजद खान (इंटक) शामिल हुए। अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया तथा मंच पर सम्मानित किया गया।

स्वागत उद्बोधन में कार्यकारी अध्यक्ष खसरू बुनकर ने हिंडाल्को कम्पनी की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी के कारण क्षेत्र के मजदूरों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि विगत 25 वर्षों से बॉक्साइट उत्खनन के दौरान स्थानीय आदिवासियों ने कभी भी कंपनी के कार्यों में बाधा नहीं डाली, जो एक अनुकरणीय उदाहरण है। हालांकि अब क्षेत्रवासी अपने अधिकारों एवं मूलभूत सुविधाओं के लिए आवाज उठाने को तैयार हैं। मुख्य वक्ता रेणु गुप्ता ने सरहुल पर्व के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति पर प्रेरणादायक विचार रखे। कलेश्वर नगेसिया ने संगठन की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए खसरू बुनकर को “व्यक्ति नहीं, विचार” बताते हुए सम्मानित किया।

अजय यादव ने कहा कि सामाजिक संगठनों द्वारा सरहुल पर्व पर बॉक्साइट मजदूरों के लिए अवकाश घोषित कराने हेतु संघर्ष जारी रहेगा। मुख्य अतिथि अमित तिवारी ने सरहुल पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में सामाजिक एकता की सराहना की तथा ग्राम पंचायत सामरी (कुटकू) आश्रम में सार्वजनिक बैठक सह सभागार निर्माण के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के पश्चात ढोल-नगाड़ों एवं मादर की थाप पर पारंपरिक सरहुल गीत गाते हुए रैली निकाली गई, जो सामरी अटल चौक होते हुए थाना गेट पहुंची, जहां तहसीलदार सामरी जयेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस आयोजन को सफल बनाने में चम्पालाल नगेसिया, धनश्याम नगेसिया, बाघु बृजिया, सुनीता सरपंच, सरिता नगेसिया सरपंच, मानमती सिंह, चमेली नगेसिया सरपंच, गोपाल बुनकर, रामनारायण नगेसिया, बीपीचंद नगेसिया, मीखारी नगेसिया, रामस्वरूप, धर्मवाल नगेसिया, रमेश उरांव, राजेंद्र अगरिया, अरविंद नगेसिया, राम सिंह नगेसिया, मोतीलाल नगेसिया, मुखलाल यादव एवं जयशंकर नगेसिया का विशेष योगदान रहा।

ज्ञापन सौंपकर उठाई गई मूलभूत सुविधाओं की मांग, सभागार निर्माण पर जोर

कार्यक्रम के उपरांत आदिवासी जन जागरण विकास मंच, सामरी पाट द्वारा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। यह ज्ञापन खान महाप्रबंधक, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, खान प्रभाग सामरी (कुसमी) के नाम संबोधित करते हुए तहसीलदार सामरी जयेंद्र सिंह के माध्यम से प्रेषित किया गया। ज्ञापन की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं कलेक्टर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को भी प्रेषित की गई है। मंच पदाधिकारियों ने प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन से अपेक्षा जताई है कि इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन में बताया गया कि सामरी पाट क्षेत्र में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा पिछले 25 वर्षों से लगातार बॉक्साइट खनन कार्य किया जा रहा है, जिससे स्थानीय मजदूरों के जीवन स्तर में कुछ सुधार हुआ है। इसके लिए क्षेत्रवासियों ने कंपनी के प्रति आभार भी व्यक्त किया। लेकिन साथ ही जल, जंगल और जमीन पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों को लेकर चिंता भी जताई गई। मंच ने यह भी उल्लेख किया कि स्थानीय लोगों द्वारा कंपनी के कार्यों में कभी बाधा उत्पन्न नहीं की गई, फिर भी जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि का उपयोग प्रभावित क्षेत्र के बजाय अन्य स्थानों पर किए जाने से क्षेत्रवासियों में उपेक्षा की भावना बढ़ रही है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि आदिवासी जन जागरण विकास मंच 12 समाजों के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं अंधविश्वास उन्मूलन जैसे विषयों पर निरंतर कार्य कर रहा है। कुटकू आश्रम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम खुले आसमान के नीचे होते हैं, जिससे विशेषकर बारिश के समय भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए मंच ने कुटकू आश्रम, सामरी पाट में सर्वसुविधायुक्त बैठक सह सभागार भवन निर्माण की मांग की है, जिससे सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक कार्यक्रम सुचारू रूप से आयोजित किए जा सकें और क्षेत्रवासियों को स्थायी सुविधा मिल सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!