Bhopal News: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भोपाल में कॉलेजों के पास संचालित शराब दुकान के खिलाफ बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया. एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज के नजदीक दुकान होने से नाराज छात्रों ने पॉलिटेक्नीक चौराहे पर सड़क जाम कर दी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो गई. मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा, लेकिन प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र रूप लेता गया.

उग्र प्रदर्शन के बाद दुकान पर किया पथराव

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने शराब दुकान के बोर्ड पर चढ़कर उसे फाड़ दिया. इसके साथ ही दुकान पर पथराव भी किया गया और नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे प्रशासनिक अधिकारियों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली.

नियमों के उल्लंघन का आरोप

एबीवीपी की केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य शालनी वर्मा ने आरोप लगाया कि यह शराब दुकान शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में संचालित हो रही है, जो नियमों का उल्लंघन है. उन्होंने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्राओं की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है.

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता

संगठन का कहना है कि हाल के दिनों में इस इलाके में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं. उनका आरोप है कि शराब पीकर निकलने वाले लोग छात्राओं को परेशान करते हैं, जिससे माहौल असुरक्षित बन रहा है और इसी वजह से छात्रों में आक्रोश बढ़ा है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!