रायपुर : जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र के गोढ़ी गांव में सरकारी जमीन के कथित अवैध सौदे का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के सरपंच, सचिव और उपसरपंच ने मिलकर जमीन की गैरकानूनी खरीद बिक्री को अंजाम दिया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच हुई और इसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

बिना अनुमति तैयार किया गया फर्जी पट्टा

मामले को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने प्रेस वार्ता में गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इस पूरे प्रकरण में कांग्रेस से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम सभा की मंजूरी के बिना सरकारी जमीन का फर्जी पट्टा तैयार किया गया और उसे बेच दिया गया।

कई धाराओं में दर्ज हुआ अपराध, आरोपी फरार

जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118, 338, 336 सी और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।

भाजपा का आरोप, कांग्रेस दे रही संरक्षण

भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि पार्टी अपने नेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने से बच रही है और उन्हें संरक्षण दे रही है। भाजपा ने यह भी कहा कि इससे पहले भी कई मामलों में कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आए हैं, लेकिन संगठन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

कार्रवाई की मांग, उठे सख्त सवाल

भाजपा ने मांग की है कि जिन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उन्हें तत्काल पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए। नेताओं का कहना है कि यदि ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं हुई, तो राजनीतिक दलों की छवि और अधिक प्रभावित होगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!