

रायगढ़: रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घरघोड़ा थाना पुलिस ने ग्राम घरघोड़ी के खेतधरहा नदी किनारे दबिश देकर अवैध शराब निर्माण का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 190 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी किनारे अवैध रूप से शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा। इस दौरान आरोपी छोटू डनसेना (37 वर्ष), निवासी घरघोड़ी, को रंगे हाथों शराब बनाते हुए पकड़ा गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अवैध बिक्री के उद्देश्य से शराब निर्माण करना स्वीकार किया। मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बड़े बर्तन, टिन टीपा सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। साथ ही पुलिस ने कार्रवाई के दौरान संचालित 8 अवैध भट्ठियों को नष्ट कर दिया।आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी कर अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि ऐसे कार्यों में लिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धोराम पटेल और महिला आरक्षक सुप्रिया सिदार की अहम भूमिका रही।

































