

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी केदमा में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां बकरी द्वारा टमाटर की फसल खा जाने की बात पर एक व्यक्ति ने दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया सुसेन, निवासी ग्राम पेण्डरखी ने चौकी केदमा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 फरवरी 2026 को उसका पति दिलेश्वर रजक बकरी चराने गया था। इसी दौरान उनकी एक बकरी गांव के ही शोभनाथ के आंगन में घुस गई और वहां लगी टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा दिया। इस बात से नाराज होकर शोभनाथ ने आवेश में आकर दिलेश्वर रजक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी शोभनाथ ने पीछे से आकर अपने पास रखी टांगी से दिलेश्वर रजक की पीठ पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल घायल को उदयपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।
इस मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 32/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए तथा मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे और सीटी स्कैन रिपोर्ट का परीक्षण किया। जांच में सामने आया कि घायल को गंभीर चोट आई है और यह चोट जानलेवा साबित हो सकती थी।साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शोभनाथ (53 वर्ष), निवासी पेण्डरखी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।
पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में चौकी प्रभारी केदमा उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान प्रधान आरक्षक नामूल राम, आरक्षक जोधन राम और मुनेश्वर राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

































