सूरजपुर: जिले में नकली सोना देकर ठगी करने वाले गिरोह का चांदनी पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्रीपारा थाना झिलमिली निवासी बालरूप गुप्ता ने 16 मार्च 2026 को थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि होली से कुछ दिन पहले सोनू नामक व्यक्ति के माध्यम से उसे जानकारी मिली कि कुछ लोग सोना बेच रहे हैं। इसके बाद 6 मार्च को वह सोनू के साथ बिहारपुर नवाटोला गया, जहां दो व्यक्तियों ने सोने का सैंपल दिखाया और एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए दिया।जब सैंपल को भैयाथान में सोनार से जांच कराया गया तो वह असली निकला। इसके बाद आरोपियों ने विश्वास जीतकर 11 मार्च को रेडीपहरी चौक ठाडपाथर में सौदा तय किया। यहां आरोपियों ने कपड़े में लपेटकर पीतल को सोने के बिस्किट जैसा बनाकर असली बताकर 2 लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया।

धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश और एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले अर्जुन देवांगन और मोहन उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर राजेंद्र यादव और किशोरी लाल यादव को भी पकड़ लिया गया।चारों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 1 लाख 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आर.पी. साहू सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!