


सूरजपुर: जिले के सलका-उमेश्वरपुर चौकी क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है, जहां पत्नी की हत्या कर खुद ही चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने वाला पति ही आरोपी निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तारकेश्वरपुर निवासी अलमा प्रजापति ने 4 मार्च 2026 को चौकी में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लीलावती की मौत अज्ञात कारणों से हो गई है। उसने बताया था कि 3 मार्च को वह घर से बाहर गया था और रात में लौटने पर पत्नी को जमीन पर मुंह के बल लेटा देखा। उसने पहले इसे सामान्य समझा, लेकिन सुबह उठाने पर उसकी मौत हो चुकी थी।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई। बताया गया कि अलमा प्रजापति का अन्य महिलाओं से बातचीत को लेकर उसकी पत्नी लीलावती से झगड़ा होता था और आरोपी अक्सर उसके साथ मारपीट भी करता था।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। संदेह के आधार पर जब अलमा प्रजापति से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना की रात पत्नी द्वारा चरित्र पर शक कर झगड़ा करने से गुस्से में आकर उसने हाथ-पैर, प्लास्टिक पाइप और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए उसने अगले दिन चौकी पहुंचकर झूठी कहानी गढ़कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और पाइप बरामद कर लिया है।पुलिस ने आरोपी अलमा प्रजापति (54 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी क्षेत्र का बदनाम गुंडा बदमाश भी है।
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी सलका उमेश्वरपुर संजय सिंह यादव, प्रधान आरक्षक अजीत प्रताप सिंह, ईश्वर सिंह, आरक्षक राकेश सिंह पोर्ते, रामचंद्र साहू, पंकज राजवाड़े व पिताम्बर सिंह सक्रिय रहे।

































