


जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम में ग्राम इचकेला की छत्तीसगढ़ बालिका क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर ये खिलाड़ी भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगी।
जशपुर के इचकेला स्थित शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की बालिकाएं क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। वर्तमान में यहाँ की 17 बालिकाएं अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में राज्य स्तरीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि 40 खिलाड़ी नियमित अभ्यास में जुटी हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में सरगुजा संभाग ने 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अंडर-17 राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था, जिसमें विजेता टीम की 11 में से 9 खिलाड़ी इचकेला एमसीसी से थीं। इसी तरह अंडर-19 वर्ग में रजत पदक जीतने वाली टीम में भी 8 खिलाड़ी इसी संस्थान से शामिल थीं।
इसके अलावा रायगढ़ में आयोजित इंटर-स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 में भी इचकेला की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब तक यहाँ की 11 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री साय ने इन ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए प्रशिक्षक संतोष शंकर सोनी और श्रीमती पंडरी बाई के मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

































