


अंबिकापुर: राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम पंचायत करजी में 21 मार्च से 27 मार्च 2026 तक सात दिवसीय विशेष शिविर का वृहद एवं सफल आयोजन किया गया। “नशामुक्त समाज के लिए युवा” थीम पर आधारित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, विकासात्मक कार्यों को गति देना तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना रहा।

शिविर का शुभारंभ ग्राम सरपंच रजंती बनवासी, पंच रीधेश्वरी प्रजापति, प्रदीप सोनी (पूर्व कृषि अधिकारी), कमलेश रजवाड़े (आधुनिक कृषक) और संदीप कुशवाहा (सहायक प्राध्यापक) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार एवं दीपिका स्वर्णकार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में महाविद्यालय परिवार और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को समाज सेवा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
शिविर की दैनिक दिनचर्या सुव्यवस्थित रही, जिसमें प्रातः 5:30 बजे जागरण से लेकर रात्रि 10 बजे तक विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इसमें व्यायाम, योग, स्वल्पाहार, परियोजना कार्य, बौद्धिक सत्र, खेलकूद, जनसंपर्क, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं समूह चर्चा शामिल रही। स्वयंसेवकों ने पूरे अनुशासन और समर्पण के साथ इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।परियोजना कार्यों के अंतर्गत गांव में बोरिंग के पास सोख्ता निर्माण, विद्यालय परिसर में चबूतरा निर्माण, गलियों में प्लास्टिक उन्मूलन अभियान तथा जागरूकता संबंधी नारा लेखन जैसे कार्य किए गए। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क स्थापित किया और जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जागरूक किया।

शिविर के दौरान विभिन्न दिनों में आयोजित बौद्धिक सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन सत्रों में विशेषज्ञों ने सिविक सेंस, नागरिक कर्तव्य, आधुनिक पशुपालन, विधिक साक्षरता, मानसिक स्वास्थ्य और करियर मार्गदर्शन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। मनोविज्ञान से जुड़े सत्रों में विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, स्मरण शक्ति बढ़ाने के उपाय और मोबाइल के दुष्प्रभावों से बचने के तरीके सिखाए गए। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी विद्यार्थियों को उपयोगी टिप्स और तकनीकें बताई गईं, जिससे उन्हें अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिली।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिनसे ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी। रामनवमी के अवसर पर राम कथा का मंचन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।शिविर के अंतिम दिन महापुरुषों के प्रतिरूपों स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर और रानी लक्ष्मीबाई के साथ पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला और ग्रामीणों ने भी इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस समापन सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और समाज में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। प्रतिकूल मौसम के कारण समापन कार्यक्रम पूर्ण रूप से आयोजित नहीं हो सका, जिसे आगामी सप्ताह में आयोजित कर उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।
इस पूरे शिविर का सफल संचालन प्राचार्य अनिल कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारियों दीपिका स्वर्णकार और राजीव कुमार के निर्देशन में हुआ। शिविर नायक, उप शिविर नायक एवं वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने अनुशासन बनाए रखते हुए कार्यक्रमों का सुचारु संचालन किया।यह सात दिवसीय विशेष शिविर न केवल विद्यार्थियों के लिए सीखने का अवसर बना, बल्कि ग्राम करजी के विकास और जागरूकता में भी महत्वपूर्ण योगदान देने वाला सिद्ध हुआ।

































