


लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटिंदा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में सरपंच पति सहित स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह कंवर की रिपोर्ट पर लखनपुर पुलिस ने सरपंच पति कुदरत बहाल सिंह, गणेश स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष कविता सिंह और उपाध्यक्ष दिलसाय के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4), 316(3)(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध कायम किया गया है।बताया जा रहा है कि 23 फरवरी 2026 को ग्रामीणों की शिकायत पर खाद्य निरीक्षक ग्राम कटिंदा की उचित मूल्य दुकान की जांच करने पहुंचे थे। दुकान का संचालन गणेश स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समूह के नाम पर सरपंच पति कुदरत बहाल सिंह ही दुकान का संचालन कर रहे थे और राशन वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही थी।जांच के दौरान खाद्य निरीक्षक ने पाया कि कुल 380.53 क्विंटल चावल, 12.95 क्विंटल शक्कर, 5.5 क्विंटल चना और 23.64 क्विंटल नमक का गबन किया गया है, जिसकी कुल कीमत 15 लाख 72 हजार 32 रुपए आंकी गई है।
इस मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। वहीं आम आदमी पार्टी सहित स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
































