


अंबिकापुर: सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में गैर इरादतन हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाए गए अवैध करंटयुक्त तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार जयप्रकाश यादव ने 25 मार्च को थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके जीजा मिश्रालाल यादव के साथ वह बडेरा जंगल गया था। इस दौरान मिश्रालाल यादव आगे-आगे चल रहे थे, तभी अचानक करंटयुक्त नंगे तार की चपेट में आ गए। तार में करंट होने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।जांच में सामने आया कि अज्ञात लोगों द्वारा बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर जंगल में पतले नंगे तार बिछाए गए थे, ताकि जंगली सुअरों का शिकार किया जा सके। इसी खतरनाक जाल में फंसकर युवक की जान चली गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच तेज की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जयपाल तिर्की, विश्वनाथ मांझी, धुरसाय मांझी, श्याम सुंदर कुजूर, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर और जहूर साय शामिल हैं, जो सभी असकरा गांव के निवासी हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर जंगली सुअर के शिकार के लिए बिजली के खंभे से अवैध रूप से तार जोड़कर पूरे जंगल में करंट फैलाया था। घटना स्थल से पुलिस ने बांस का डंडा और लाल रंग का तार भी बरामद किया है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना कमलेश्वरपुर पुलिस और वन विभाग की टीम की अहम भूमिका रही।
































