रायगढ़: जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने झारखंड निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए हैं। मामले में करोड़ों रुपए के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 19-20 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) तथा पूंजीपथरा और लैलूंगा थाना स्टाफ के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।रेड कार्रवाई के दौरान खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति भाग निकले, जबकि मौके से मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी (झारखंड) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर यहां अवैध अफीम की खेती कर रहा था और उनके पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं था।

मौके पर दो अलग-अलग खेतों में अफीम की फसल पाई गई। एफएसएल टीम द्वारा परीक्षण के बाद पुष्टि की गई कि यह अफीम ही है। पुलिस ने कुल 60,326 अफीम पौधे, जिनका वजन लगभग 2,877 किलोग्राम है, जब्त किए। इसके अलावा आरोपी के निवास से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।जांच के दौरान राजस्व विभाग ने बताया कि जिस जमीन पर खेती की जा रही थी, वह पांच अलग-अलग खसरों में दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!