

कोरिया: कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, जिसमें प्रार्थी ही अपने पिता का हत्यारा निकला। जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार16 जनवरी 2026 को ग्राम खरवट ऊपरपारा निवासी अरविंद राजवाड़े (27 वर्ष) ने थाना चरचा में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता शोभाराम राजवाड़े का शव मोहाड़ी तालाब में मिला है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।प्रारंभिक पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर एफएसएल जांच के लिए भेजा गया। एफएसएल रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डॉक्टर की राय में यह स्पष्ट हुआ कि मौत गला घोंटकर की गई हत्या है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतक के दोनों पुत्रों रामकैलाश (37 वर्ष) और अरविंद से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रामकैलाश अपने पिता द्वारा जमीन बेचने की बात से नाराज था। इसी बात को लेकर 15 जनवरी की रात करीब 9-10 बजे उसने दास्ताने से गला घोंटकर पिता की हत्या कर दी। बाद में अपने भाई अरविंद की मदद से शव को तालाब में फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना या सामान्य मौत का रूप दिया जा सके।मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरे मामले में चरचा थाना पुलिस की अहम भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और जांच के चलते हत्या का पर्दाफाश हो सका।































