

बलरामपुर: वन परिक्षेत्र कुसमी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में 18 मार्च 2026 को बीट कुसमी के संरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 3033 में अवैध रूप से पत्थर उत्खनन और परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को मौके पर पकड़कर जब्त किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने त्वरित कदम उठाते हुए वाहन को कब्जे में लिया। जांच में ट्रैक्टर के मालिक का नाम हरिगोविंद यादव सामने आया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वाहन स्वामी पहले भी जंगलों से अवैध लकड़ी कटाई कर ईंट भट्टा कारोबार से जुड़ा रहा है। बताया जा रहा है कि वह छापेमारी के दौरान लकड़ी को मौके पर ही उतारकर कार्रवाई से बचने का प्रयास करता था।वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध उत्खनन या परिवहन गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रेमसाय दीवान, नंदलाल कुजूर, देवेश जेरी, सुमन तिर्की और बलवंत का विशेष सहयोग रहा।

































