

नई दिल्ली: अगर आप एक एलपीजी उपभोक्ता हैं तो आपके लिए यह जरूरी खबर है। LPG उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक eKYC को लेकर चल रही खबरों के बीच सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सरकार ने कहा है कि यह कोई नया नियम नहीं है, बल्कि यह एक जारी प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को eKYC पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करना है। स्पष्टीकरण के अनुसार, eKYC केवल उन LPG ग्राहकों के लिए जरूरी है जो अब तक अपना eKYC नहीं करा रहे हैं।

दोबारा कराने की जरूरत नहीं
सरकार ने कहा है कि अगर आप नॉन-PMUY (प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से बाहर) ग्राहक हैं और पहले ही eKYC कर चुके हैं, तो आपको इसे दोबारा कराने की जरूरत नहीं है। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत आने वाले ग्राहकों को हर वित्त वर्ष में सिर्फ एक बार eKYC करना होता है। यह प्रक्रिया भी तभी जरूरी होती है जब वे 7 सिलेंडर रिफिल के बाद 8वें और 9वें रिफिल पर मिलने वाली सब्सिडी (DBT) का लाभ लेना चाहते हैं।
घर बैठे मुफ्त में पूरा कर सकते हैं eKYC की प्रक्रिया
सरकार ने यह भी बताया कि eKYC की प्रक्रिया बहुत आसान है और इसे घर बैठे मुफ्त में पूरा किया जा सकता है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि eKYC न होने की स्थिति में भी LPG सब्सिडी की उपलब्धता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। eKYC प्रक्रिया से ट्रांसफर बढ़ती है, पात्रता स्पष्ट होती है, फर्जी लाभार्थियों की पहचान होती है और LPG के गलत इस्तेमाल या डायवर्जन पर रोकने लगाने में मदद मिलती है।
घर बैठे LPG e-KYC करने का आसान तरीका
सबसे पहले अपने LPG प्रदाता का आधिकारिक मोबाइल ऐप और आधार फेसआरडी (Aadhaar FaceRD) ऐप डाउनलोड करें।
इसके बाद, अपने LPG कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से ऐप में रजिस्टर या लॉग-इन करें।
लॉग-इन करने के बाद ऐप में दिए गए e-KYC विकल्प पर क्लिक करें और अपना आधार नंबर दर्ज करें।
इसके बाद प्रमाणीकरण (Authentication) के लिए अनुमति दें।
अब आपको Aadhaar FaceRD ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।
जैसे ही आपका चेहरा सफलतापूर्वक वेरिफाई हो जाएगा, सिस्टम आपको e-KYC पूरा होने की पुष्टि दे देगा।
इस प्रक्रिया के पूरा होते ही आपका LPG कनेक्शन अपडेट हो जाएगा और आपको आगे किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।































