छत्तीसगढ़ : के दुर्ग में एलपीजी गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। CG News के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दुर्ग के पटेल चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से केंद्र सरकार की अर्थी निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और चौक पर बैठकर धरना दिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेत्री प्रेमलता पोषण साहू ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उनका कहना था कि इस फैसले से आम जनता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार आई है, तब से खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर गैस सिलेंडर और सोने की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। उनका कहना था कि पहले घरेलू गैस सिलेंडर करीब 925 रुपये में मिल जाता था, जबकि अब इसकी कीमत लगभग 1000 रुपये तक पहुंच गई है। प्रदर्शनकारियों ने तंज कसते हुए कहा कि अगर इसी तरह महंगाई बढ़ती रही तो लोगों को दोबारा लकड़ी और चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि देश की आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही महंगाई पर काबू नहीं पाया गया तो कांग्रेस आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!