


सूरजपुर: जिला रोजगार कार्यालय सूरजपुर द्वारा भारतीय थल सेना अग्निवीर भर्ती 2026 के पूर्व पंजीयन को लेकर जिले भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के समस्त जनपद पंचायत, नगर पंचायत, महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक, आई.टी.आई. एवं विद्यालयों में पाम्पलेट और फ्लैक्स के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इस अभियान को विशेष गति देते हुए भूतपूर्व पैराकमांडो पुरुषोत्तम चंद्रा, सैनिक कल्याण बोर्ड बिलासपुर के द्वारा आई.टी.आई. शिवनंदनपुर, शासकीय महाविद्यालय विश्रामपुर, आई.टी.आई. भटगांव एवं शासकीय महाविद्यालय भैयाथन में विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अग्निवीर भर्ती की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा युवाओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें सेना में कैरियर बनाने हेतु अभिप्रेरित किया गया।रोजगार कार्यालय सूरजपुर द्वारा संचालित कैरियर मार्गदर्शन कैम्पों में उपस्थित विद्यार्थियों को न केवल अग्निवीर बनने, बल्कि अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। साथ ही महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को भी युवाओं को सेना एवं सरकारी सेवाओं की ओर प्रेरित करने हेतु अभिप्रेरित किया गया। मार्गदर्शन कार्यक्रमों में महाविद्यालय एवं आई.टी.आई. के समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा रोजगार कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
































